पल्लीकेल:
सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर वाली नई कोच-कप्तान की जोड़ी की अगुवाई में भारत ने विजयी आगाज किया है। श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच की टी-20 सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने 43 रन से मैदान मार लिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव के 26 गेंद में 58 रन की ताबड़तोड़ पारी के बूते भारत ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में श्रीलंका ने पूरी ताकत से लड़ाई की, लेकिन आखिरी ओवर्स में उसके बल्लेबाज दबाव नहीं झेल पाए और 19.2 ओवर में 170 रन पर ढेर हो गए। अब सीरीज का दूसरा मैच इसी मैदान पर रविवार यानी कल शाम सात बजे से ही खेला जाएगा।
कप्तान बनते ही सूर्या की तूफानी फिफ्टी
सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (40 रन) और शुभमन गिल (34 रन) के अच्छी शुरूआत करने के बाद सूर्यकुमार (26 गेंद, आठ चौके, दो छक्के) और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (49 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी से भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भारत की टी-20 कप्तान के स्थायी कप्तान बनाए जाने के बाद सूर्यकुमार ने अपने पहले मैच में 26 गेंद की पारी में आठ चौके और दो छक्के जड़े। इस दौरान उन्होंने अपना 20वां अर्धशतक जमाया।
