पल्लेकेल,
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने श्रीलंका दौरे पर धमाल कर दिया है. रविवार (28 जुलाई) को दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच खेला गया, जिसमें भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज की. इसी के साथ सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा लिया है. टीम इंडिया ने पहले टी20 मैच में श्रीलंका को 43 रनों से हराया था. अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 30 जुलाई को खेला जाएगा.
पल्लेकेल में खेले गए दूसरे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 162 रनों का टारगेट दिया था. भारतीय टीम ने 3 गेंद पर 6 रन बना लिए थे, तभी बारिश आ गई. ऐसे में डकवर्थ लुईस नियम के कारण भारत का टारगेट 8 ओवर में 78 रन कर दिया गया है. इसके बाद भारतीय टीम ने 3 विकेट गंवाकर 6.3 ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया.
भारतीय टीम के लिए ओपनर यशस्वी जायसवाल ने 15 गेंदों पर 30 रन जमाए. इस दौरान 2 छक्के और 3 चौके जड़े. जबकि सूर्यकुमार यादव ने 12 गेंदों पर 26 रन और हार्दिक पंड्या ने 9 गेंदों पर 22 रन बनाए. इस सीरीज में पहला मैच खेल रहे संजू सैमसन खाता नहीं खोल सके. श्रीलंका के लिए महीश तीक्ष्णा, मथीशा पथिराना और वानिंदु हसारंगा ने 1-1 विकेट लिया.
बिश्नोई और पंड्या की गेंदबाजी से श्रीलंका ढेर
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए श्रीलंकाई टीम ने 9 विकेट गंवाकर 161 रन बनाए. टीम के लिए कुसल परेरा ने 34 गेंदों पर 54 रनों की पारी खेली. जबकि पथुम निसंका ने 32 और कामिंदु मेंडिस ने 26 रन बनाए. एक समय 15 ओवर में 130 रनों पर 2 विकेट थे, तब श्रीलंकाई टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी.
मगर स्टार तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने एक ही ओवर में कामिंदु और परेरा को शिकार बनाकर टीम की वापसी कराई. इसके बाद ठीक अगले ओवर में स्पिनर रवि बिश्नोई ने दासुन शनाका और वानिंदु हसारंगा को जीरो पर आउट कर श्रीलंका को बैकफुट पर धकेला. ओवरऑल बिश्नोई ने 3 विकेट झटके. जबकि पंड्या, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह को 2-2 सफलता मिली.
