नई दिल्ली
कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच आज घरेलू शेयर बाजार में काफी गिरावट देखने को मिल रही है। बीएसई सेंसेक्स में कारोबार के दौरान में करीब 1,000 अंक की गिरावट आई जबकि निफ्टी भी 24,900 अंक के नीचे आ गया। दोपहर बाद तीन बजे सेंसेक्स 1200 अंक की गिरावट के साथ 81,998 अंक पर ट्रेड कर रहा था। एनएएसई का निफ्टी 381 अंक की गिरावट के साथ 24,803 अंक पर था। अमेरिका में जॉब रिपोर्ट से पहले निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं। इससे तय होगा कि अमेरिकी फेड रिजर्व ब्याज दरों में कितनी कटौती करेगा। इससे शेयर बाजार में गिरावट दिख रही है। सभी सेक्टर्स में गिरावट का असर दिख रहा है। सेंसेक्स में लिस्टेड 30 कंपनियों में से भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक और टाइटन के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स और इंडसइंड बैंक के शेयर में तेजी आई।
इस गिरावट से बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5.3 लाख करोड़ रुपये गिरकर 460.35 लाख करोड़ रुपये रह गया। मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में कारोबार के दौरान करीब 2 फीसदी गिरावट आई। यह 2922 रुपये तक लुढ़क गया था। तीन बजे यह बीएसई पर 1.91% गिरावट के साथ 2930 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इसी तरह देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई के शेयरों में करीब 5 फीसदी गिरावट आई। फिलहाल यह बीएसई पर 4.65% गिरावट के साथ 780.55 रुपये पर ट्रेड कर रहा है।
विदेशी बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट, जापान का निक्की-225 और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.64 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 688.69 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर बेचे।
