नई दिल्ली,
दिल्ली के रोहिणी में एक मासूम बच्ची से बलात्कार की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. पीड़ित बच्ची की उम्र महज तीन साल है. 25 वर्षीय आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया है. पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, ये घटना रोहिणी जिले के बेगमपुर थाना क्षेत्र में हुई है. पीड़ित बच्ची अपनी मां के साथ सो रही थी. रात को नींद खुलने पर मां ने पाया कि उसकी बेटी गायब है. आसपास खोजबीन के बाद भी जब वो नहीं मिली, तो मां ने तुरंत कॉल करके पुलिस को इसकी सूचना दी.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान पीड़ित बच्ची एक झाड़ी में मिली. वहां एक युवक भी मौजूद था, जो पीड़िता की मां को देखकर भाग गया. बेगमपुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65 (2) और पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत केस दर्ज किया गया है.
बताते चलें कि अगस्त में भी रोहिणी में बलात्कार की एक खौफनाक वारदात सामने आई थी. यहां एक फर्जी तांत्रिक ने सात साल की मासूम बच्ची के साथ पहले रेप किया, फिर उसको डराया कि यदि उसने इसके बारे में किसी को भी बताया तो उसका बीमार पिता मर जाएगा.
इतना ही नहीं तांत्रिक ने बच्ची को 51 रुपए भी दिए. इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफ (51) है, जो कि फर्जी तांत्रिक है. वो कब्रिस्तान के पास ही रहता था और लोगों को अपनी जाल में फंसाता था.
ये शर्मनाक घटना 26 अगस्त को घटी थी. मासूम बच्ची अपने तीन भाई बहनों और पिता के साथ कंझावला में रहती है. बच्ची के पिता सब्जी की रेहड़ी लगाते हैं. मां की मौत हो चुकी है. पिता की तबीयत खराब थी, जिस पर फर्जी तांत्रिक मोहम्मद शरीफ उन्हें देखने आया था.
जाते वक्त उसने कहा कि राशन और झाड़-फूंक के लिए इस बच्ची को भेज देना. पिता ने बच्ची के साथ उसके भाई को भेज दिया. भाई कुछ देर में वापस आ गया और बोला कि बहन को शरीफ ने झाड़ फूंक के लिए रोक लिया है. थोड़ी देर में बच्ची वापस आ गई, लेकिन वो चुप थी.
अगले दिन उसकी तबीयत खराब हो गई. जब उसे हॉस्पिटल ले जाया गया तो सेक्सुअल एसॉल्ट की बात सामने आई. फिर पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस हिरासत में पूछताछ की गई थी.
