बेंगलुरु ,
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला टेस्ट बेंगलुरु में खेला जा रहा है. भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 107 रनों का टारगेट दिया है. टारगेट का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने चौथे दिन (19 अक्टूबर) स्टम्प तक बिना किसी नुकसान के 0 रन बनाए. टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे क्रीज पर हैं. न्यूजीलैंड जीत से 107 रन पीछे है, वहीं भारत को 10 विकेट चाहिए.
बता दें कि भारत ने अपनी दूसरी पारी में 462 रन बनाए. भारतीय टीम का स्कोर एक समय तीन विकेट पर 408 रन था, लेकिन सरफराज खान के आउट होने के बाद लगातार विकेट गिरते चले गए. भारत ने 54 रनों पर सात विकेट खो दिए. भारत के पहली पारी के 46 रनों के जवाब में न्यूजीलैंड ने 402 रन बनाए. इस तरह न्यूजीलैंड की टीम को 356 रनों की भारी बढ़त मिली है. न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रवींद्र ने सबसे ज्यादा 134 रनों की पारी खेली.
न्यूजीलैंड की टीम अब तक भारतीय जमीन पर कोई भी द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है. इस बार दोनों टीमों के बीच 13वीं टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. भारतीय टीम की कप्तानी रोहित शर्मा के हाथों में है. जबकि कीवी टीम की कमान टॉम लैथम संभाल रहे हैं
