नई दिल्ली,
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मित्र देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों की तारीफ करते हुए भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक का जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि भारत के साथ रूस के संबंध हाल ही में राणनीतिक और विशेषाधिकार प्राप्त साझेदारी के एक नए स्तर पर पहुंच गए हैं.
पुतिन ने ब्रिक्स देशों के राजदूतों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के साथ रूस का संबंध हाल ही में रणनीतिक विशेषाधिकार प्राप्त साझेदारी के नए स्तर पर पहुंच गया है. हमारे देश द्विपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रारूपों में मिलकर काम करते हैं. G20 में, एससीओ और हाल ही में कजान में आयोजित हुआ ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई बातचीत से इन सभी बातों की पुष्टि हुई है.
उन्होंने ब्रिक्स राजदूतों से कहा कि हम आपकी एक्टिविटी को सफल होते हुए देखने में उत्साहित हैं. उन्होंने जोर देकर ये भी कहा कि बुर्किना फासो, मलेशिया, भारत, नाइजर, केन्या, अर्जेंटीना, जिम्बाब्वे और अन्य मित्र देशों के साथ मास्को के संबंध पारस्परिक रूप से लाभकारी और सम्मान पर आधारित हैं.
भारतीय राजदूत ने पुतिन को प्रस्तुत किया विश्वास पत्र
इस दौरान रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने आज ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस के अलेक्जेंडर हॉल में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अपना विश्वास पत्र भी प्रस्तुत किया है.
पिछले महीने की थी दोनों राष्ट्रध्यक्षों ने मुलाकात
बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी पिछले महीने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दो दिवसीय कजान के दौरे पर पहुंचे थे. शिखर सम्मेलन में भाग लेने से पहले उन्होंने रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की थी. दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने द्विपक्षीय वार्ता में भी हिस्सा लिया.
इस दौरान व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि मॉस्को और नई दिल्ली के संबंध काफी विशेष हैं और समय के साथ और मजबूत हो रहे हैं. इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा, ‘पिछले तीन महीनों में मेरा रूस का यह दूसरा दौरा है, जो दोनों देशों के बीच की गहरी साझेदारी और दोस्ती को दर्शाता है.’ बता दें कि पीएम मोदी इस साल जुलाई में भी रूस की यात्रा पर गए थे. तब राष्ट्रपति पुतिन ने क्रेमलिन में उनका जोरदार स्वागत किया था और खुद गाड़ी ड्राइव करके उन्हें अपने आधिकारिक आवास की सैर करायी थी
