नई दिल्ली,
महाराष्ट्र चुनाव में महायुति गठबंधन की जीत के बाद पीएम मोदी ने दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. PM मोदी ने महाराष्ट्र की इस जीत का श्रेय एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार को दिया. अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कश्मीर में धारा 370 को लेकर भी हमला बोला.
दुनिया की कोई ताकत 370 को वापस नहीं ला सकती: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज महाराष्ट्र के जनादेश का एक और संदेश है, पूरे देश में सिर्फ और सिर्फ एक ही संविधान चलेगा. वो संविधान है बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान, भारत का संविधान, जो भी सामने या परदे के पीछे देश में दो संविधान की बात करेगा, उसको देश पूरी तरह से नकार देगा. कांग्रेस वालों और उनके साथियों सुन लो दुनिया की कोई भी ताकत 370 को वापस नहीं ला सकती.
कांग्रेस परजीवी पार्टी बन चुकी है: पीएम मोदी
इसके अलावा कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, कांग्रेस परजीवी पार्टी बन चुकी है. वो अपने साथियों का नाव भी डुबो देती है. महाराष्ट्र में कांग्रेस के गठबंधन ने यहां की हर पांच में 4 सीटें हारी हैं. अघाड़ी के हर घटक का स्ट्राइक रेट 20 फीसदी से कम है. ये दिखाता है कि कांग्रेस खुद डूबती है और दूसरों को डुबोती है. यूपी जैसे राज्यों में कांग्रेस के सहयोगियों अपनी जान छुड़ा ली, वरना वहां भी कांग्रेस के सहयोगियों को लेने के देने पड़ जाते.
