नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान को जबरन वसूली के एक मामले में हिरासत में लिया है. जांच में बाल्यान और कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान के बीच बातचीत का एक ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद यह गिरफ्तारी की गई. कथित तौर पर बातचीत में व्यापारियों से फिरौती की रकम वसूलने के बारे में चर्चा हुई थी. आगे की पूछताछ जारी है.
इससे पहले शनिवार (30 नवंबर) को बीजेपी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में सत्तारूढ़ पार्टी का एक विधायक एक गैंगस्टर की मदद से जबरन वसूली में शामिल है. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया और पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए गैंगस्टर के साथ आप विधायक की कथित बातचीत का एक ऑडियो क्लिप भी सुनाया.
बीजेपी ने की थी एक्शन की मांग
गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोप लगाया कि आप लोगों को धमकाने और उनसे पैसे ऐंठने में शामिल है. उन्होंने पूछा कि क्या केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी विधायक के खिलाफ कार्रवाई करेंगी और उनसे इस्तीफा देने को कहेंगी? उन्होंने कहा कि अगर वे उनका (विधायक) इस्तीफा नहीं लेते हैं तो यह माना जाएगा कि उगाही का पैसा पार्टी और उसके नेताओं के पास जा रहा है.
AAP ने ऑडियो को बताया फर्जी
हालांकि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया और दावा किया कि ऑडियो क्लिप फर्जी है. उन्होंने ने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं. इन अपराधों को रोकने के बजाय बीजेपी और अमित शाह केजरीवाल को रोकने की कोशिश कर रहे हैं. हमारे नेता को रोकने के लिए, वे अब एक फर्जी ऑडियो क्लिप चला रहे हैं.
क्या है मामला?
गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू ने कुछ मामला बिगड़ने के बाद विधायक को धमकी दी थी, जिसका जुलाई 2023 में खुलासा किया था। तब सूत्रों ने बताया था कि विधायक को लगातार कॉल आ रहे हैं। उसने धमकी दी है कि वो अपने टारगेट को रंगदारी के लिए कॉल करेगा, जिनसे विधायक पैसा वसूल कर उसके गुर्गों को सौंपने का काम करे।
इसी तरह बिल्डरों के बिजनेस में नंदू का हिस्सा भी फिक्स करवाए। विधायक ने ऐसा करने से मना कर दिया। नंदू वट्सऐप कॉल कर लगातार दबाव बना रहा है। नंदू ने धमकी दी है कि अगर विधायक ने ऐसा नहीं किया तो वो अब उन्हीं के नाम का इस्तेमाल कर जबरन वसूली करेगा।
फैमिली को खत्म करने की धमकी
सूत्रों ने बताया था कि नंदू ने अपने गैंग के गुर्गों से विधायक और उनकी फैमिली को खत्म करने का ऐलान किया है। सूत्रों ने बताया था कि नंदू ने तिहाड़ जेल में बंद अपने भाई ज्योति सांगवान उर्फ बाबा के नेटवर्क का इस्तेमाल करने की भी धमकी दी है। विधायक ने पुलिस को इसकी जानकारी दे दी है। सूत्रों ने बताया था कि गैंगस्टर ने विधायक के इलाके के कई बिल्डरों और कारोबारियों को धमकियां दे रखी हैं।
