फतेहपुर
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मां के साथ ननिहाल गई बेटी अचानक घर से लापता हो गई। इससे परेशान महिला ने बेटी से फोन मिलाकर वापस आने की बात कही तो लड़की ने इनकार कर दिया। इस पर मां ने कहा 112 नंबर मिलाने जा रहे हैं। उधर से बेटी का जवाब मिला 112 नहीं 113 मिला लो मैं नहीं आऊंगी। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, कल्यानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को शिकायत दी है। बताया कि उसका मायका मलवा थाना क्षेत्र के गांव में है। बीते शुक्रवार को महिला अपने बच्चों को साथ लेकर मायके आई थी। साथ में उसकी 15 वर्षीय बेटी भी थी। ननिहाल से अचानक देर शाम को घर से बिना बताए बेटी गायब हो गई। जब काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने लड़की की खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता ना चला।
मां ने परेशान होकर पुलिस से की शिकायत
इस पर मां ने लड़की के मोबाइल नंबर पर कॉल कर वापस आने की बात कही तो लड़की ने जवाब दिया की नहीं आएंगे। इसके बाद महिला ने 112 नंबर डायल कर पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो बेटी ने कहा कि 113 मिला दो हम नहीं आएंगे। इससे परेशान महिला ने शिकायती पत्र देकर मलवा थाना पुलिस से लापता बेटी के तलाश की गुहार लगाई है। थाना अध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर अज्ञात में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। गायब किशोरी की तलाश की जा रही है।
