पटना
बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसको लेकर महागठबंधन में शामिल कांग्रेस और राजद के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है। इस पर नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जो खुद सीटें तय नहीं करते, उनकी बात करना बेमानी है। यह पूरा मामला रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रांतीय सम्मेलन से शुरू हुआ था।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष बोले- 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी पार्टी
बिहार में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले ही महागठबंधन में शामिल दलों के बीच सीटों का बंटवारा मुद्दा बन गया है। रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने दावा किया कि उनकी पार्टी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह संख्या 2020 के विधानसभा चुनाव में लड़ी गई सीटों के बराबर है। अखिलेश प्रसाद सिंह ने अखिल भारतीय कांग्रेस सेवा दल के 101 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह घोषणा की।
वो खुद कुछ तय नहीं कर सकते हैं: तेजस्वी यादव
आज मंगलवार को तेजस्वी यादव ने अखिलेश प्रसाद सिंह के इस दावे पर पलटवार करते हुए पार्टी में उनकी क्या हैसियत है, ये बताया। सहरसा में कार्यकर्ता संवाद के दौरान तेजस्वी यादव से इस बारे में पूछा गया। तेजस्वी यादव ने कहा, ‘अभी कोई आधिकारिक चर्चा इस पर हुई ही नहीं है। कौन क्या बोलता है, उससे क्या मतलब है। आप लोग तो किसी को भी नेता बना देते हैं। बिहार की राजनीति में जिसको ना हम पहचानते हैं ना कोई और जानता है। आप उसकी बात ला कर सवाल पूछ रहे हैं, जो खुद कुछ तय नहीं कर सकता है।’ तेजस्वी यादव ने आगे सवालिया लहजे में कहा कि, ‘कांग्रेस में फैसले लेने वाला कौन है? ये सब जानते हैं। तो जो फैसले लेने वाला है, उसकी बात होनी चाहिए।’
