बाराबंकी:
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सपा विधायक सुरेश यादव उर्फ धर्मराज सिंह यादव के ‘बीजेपी सरकार हिंदू आतंकवादी संगठन’ बयान पर घमासान मचा हुआ है। समाजवादी पार्टी विधायक के विवादित बयान पर बीजेपी ने निकम्मा और बहिष्कार करते हुए पलटवार किया है। वहीं विधायक के विवादास्पद बयान को लेकर बजरंग दल कूद गया है। जिला संयोजक विनय राजपूत ने विधायक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। इन सबके बीच सपा विधायक सुरेश यादव ने पलटी मारते हुए कहा कि हमने ऐसा कुछ कहा ही नहीं है।
बाराबंकी सदर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी विधायक सुरेश यादव उर्फ धर्मराज सिंह यादव बीजेपी पर तीखा बयान देकर फंस गए हैं। दरअसल शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर शहर के गन्ना दफ्तर परिसर में सपा की ओर से धरना प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान विधायक सुरेश यादव बीजेपी पर जुबानी हमला बोलते हुए बीजेपी सरकार हिंदू आतंकवादी संगठन बता दिया। सपा विधायक के विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद राजनीति में घमासान मचा हुआ है।
सपा विधायक का सभाओं से बहिष्कार: बीजेपी
सपा विधायक के इस विवादास्पद बयान के बाद बीजेपी क्षेत्रीय प्रभारी कमलेश मिश्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रविवार बाराबंकी बीजेपी कार्यालय पर कार्यकर्ता बैठक में कमलेश मिश्रा ने बताया कि राम भक्तों पर गोलियां चलवाने वाले अब हिंदुओं को आतंकवादी बताने का दुस्साहस कर रहे हैं। बाराबंकी की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में सपा विधायक को उनके घोर निंदनीय वक्तव्य का करारा जवाब देगी। उन्होंने आगे बताया कि लोगों को ऐसे निक्कमे विधायक को सभाओं से बहिष्कार करना चाहिए।
विवादित बयान पर कूदा बजरंगदल
सपा विधायक के विवादित बयान के बाद बजरंग दल के जिला संयोजक विनय राजपूत ने कार्यवाही मांग करते हुए प्रदर्शन की चेतावनी दी है। विनय राजपूत ने बताया कि किसी पार्टी के समर्थकों को आतंकवादी बताया घोर निंदनीय कृत्य हैं। रणनीति के बाद बजरंगदल संगठन के निर्देश पर सपा विधायक के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।
‘ऐसा तो हमने कहा नहीं’ – सपा विधायक
सपा विधायक विधायक सुरेश यादव ने बयान से पलटी मारते हुए बताया कि ‘ऐसा तो हमने कभी नहीं कहा, हम कई बार के विधायक हैं, मेरे खिलाफ विरोधियों द्वारा वीडियो एडिट करके साजिश रची गई। हम पूरे होश में ऐसा कह रहे कि हमने कुछ नहीं कहा। उन्होंने अपनी बात को सही साबित करने के लिए वीडियो की जांच कराने की मांग भी कर डाली। वहीं विधायक का विवादास्पद वायरल बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
