मुंबई,
एक्टर सैफ अली खान पर हुए हमले की जांच कर रही मुंबई पुलिस लगातार खुलासे कर रही है. इसी क्रम में पुलिस ने सैफ पर हमला करने के लिए इस्तेमाल किए गए चाकू का एक और हिस्सा बांद्रा झील के पास बरामद किया है. सैफ अली खान के शरीर के अंदर फंसे 2.5 इंच लंबे चाकू के एक हिस्से को आपातकालीन सर्जरी के दौरान डॉक्टर्स ने निकाल दिया गया. इसके बाद हथियार का दूसरा हिस्सा भी बरामद कर लिया गया था.
बता दें कि सैफ अली खान पर हमला करने वाले आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को पुलिस बुधवार शाम को बांद्रा की झील के पास लेकर गई थी. पुलिस को संदेह था कि उसने चाकू का एक हिस्सा झील के पास फेंक दिया था.
सैफ अली खान पर हमले के मामले में पुलिस ने वर्ली कोलीवाड़ा के एक सैलून की सीसीटीवी फुटेज ली है, जहां आरोपी शरीफुल इस्लाम दो महीने तक रहा था. वह शेविंग के लिए भी सैलून में गया था. पुलिस ने वहां के एक स्टूडियो को नोटिस दिया है और स्टूडियो का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) भी पुलिस अधिकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया है. आरोपी ने घटना के 7 घंटे बाद उसी सैलून में बाल भी कटवाए थे. स्टूडियो के डीवीआर में आरोपी के वहां जाने और वहां से जाने का वीडियो कैद हो गया है. बार्बर को भी पुलिस थाने लाया गया है.
