नई दिल्ली
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस का काफी मजाक उड़ाया जाता है। सोशल मीडिया पर कई ऐसी फोटो ट्रोलर्स शेयर करते रहते हैं। हालांकि मैदान पर रोहित शर्मा कमाल की फील्डिंग करते हैं। मैच के दौरान काफी कम ऐसा देखने को मिलता है कि रोहित से मिस फील्डिंग हुए या वह गेंद छोड़ते हों। 38 साल की उम्र में भी वह डाइव मारने से कभी कभी कतराते नहीं हैं।
फील्डिंग में टूट गया चश्मा
रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में फील्डिंग के दौरान अपना चश्मा तोड़ लिया। 24वें ओवर की दूसरी गेंद को डैरेल मिचेल ने कवर की तरफ खेला। रोहित शर्मा गेंद से दूर थे। वह भागते हुए आए और डाइव मारकर गेंद को रोक दिया। इसकी वजह से कीवी बल्लेबाज कोई रन नहीं दौड़ पाए। हालांकि डाइव मारने से पहले ट्राउजर में फंसा रोहित का चश्मा गिर गया। रोहित उसी पर गिर गए और चश्मा पूरी तरह टूट गया।
रोहित का बल्ला चल रहा शांत
चैंपियंस ट्रॉफी में अभी तक रोहित शर्मा दमदार पारी नहीं खेल पाए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ उन्हें अच्छी शुरुआत मिली लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। पाकिस्तान के खिलाफ भी रोहित सेट होने के बाद आउट हुए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में भी उन्होंने एक छक्का और एक चौका लगाया लेकिन उसके बाद आउट हो गए। भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और कप्तान से बड़ी पारी की उम्मीद कर रही होगी।
सेमीफाइनल में किससे होगी भिड़ंत
भारत और न्यूजीलैंड की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। दुबई में खेले जा रहे मुकाबले को जीतने वाली टीम अपने ग्रुप में टॉप पर रहेगी। टॉप पर रहने वाली टीम का भिड़ंत सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से होगी। वहीं हारने वाली साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी। भारत ने पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड को जीत के लिए 250 रनों का लक्ष्य दिया है।
