9.8 C
London
Monday, May 11, 2026
Homeभोपालमप्र में कहीं आंधी-बारिश तो कहीं पारा 45 डिग्री पार, लू का...

मप्र में कहीं आंधी-बारिश तो कहीं पारा 45 डिग्री पार, लू का अलर्ट

Published on

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम पूरी तरह दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी है, जबकि मालवा और मध्य हिस्सों में सूरज आग उगल रहा है। दो टर्फ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से सोमवार को भी कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का असर रहेगा। दूसरी ओर, भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के शहरों में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 24 घंटे तक मौसम का यही मिला-जुला असर बना रहेगा। कहीं बादल, कहीं बूंदाबांदी और कहीं तेज धूप के कारण लोग उमस और गर्मी दोनों झेलेंगे।

इन 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र भोपाल ने बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी होने की संभावना है।रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला रहा। इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर और शहडोल संभाग के करीब 18 जिलों में बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। लगातार बदलते मौसम के कारण दिन और रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

मालवा-निमाड़ में तपिश तेज, रतलाम सबसे गर्म

प्रदेश में गर्मी का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। रविवार को रतलाम सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मई महीने में पहली बार किसी शहर का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचा है। इसके अलावा शाजापुर में 44 डिग्री, धार में 42.4 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री और नर्मदापुरम में 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। रायसेन, नरसिंहपुर, सागर और गुना में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर बना रहा।

 

बड़े शहरों में भी बढ़ी गर्मी

प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। उज्जैन सबसे गर्म बड़े शहरों में शामिल रहा, जहां तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इंदौर में 41.9 डिग्री, भोपाल में 40.4 डिग्री, जबलपुर में 38.9 डिग्री और ग्वालियर में 38.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही भी कम नजर आई।

 

12 मई से लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने 12 मई से प्रदेश में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में गर्म हवाओं का असर ज्यादा रह सकता है। आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल सक्रिय सिस्टम के कमजोर पड़ते ही गर्मी का असर और तेज होगा। इसके बाद प्रदेश में सूखा और तपता मौसम देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग की एडवाइजरी

गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि लोग दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और शरीर में पानी की कमी न होने दें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में निकलने से बचें। हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि गर्मी का असर उन पर जल्दी पड़ सकता है।

Latest articles

PM मोदी बोले- पेट्रोल-डीजल का कम करें उपयोग, भारत में तेल के कुएं नहीं

आज वर्क फ्रॉम होम की जरूरत, एक साल तक सोना न खरीदें बेंगलुरु/हैदराबाद। पीएम नरेंद्र...

भेल गांधी मार्केट में 13 साल बाद हुआ चुनाव, महेंद्र नामदेव ‘मोनू’ बने नए अध्यक्ष

व्यापारी संघ चुनाव: 95 प्रतिशत से अधिक हुआ मतदान, महेंद्र ने 57 मतों के...

भोपाल-जेवर एयरपोर्ट के बीच 1 जुलाई से शुरू होगी पहली फ्लाइट, NCR कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा फायदा

भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट से जल्द ही यात्रियों को जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी...

More like this

भेल गांधी मार्केट में 13 साल बाद हुआ चुनाव, महेंद्र नामदेव ‘मोनू’ बने नए अध्यक्ष

व्यापारी संघ चुनाव: 95 प्रतिशत से अधिक हुआ मतदान, महेंद्र ने 57 मतों के...

भोपाल-जेवर एयरपोर्ट के बीच 1 जुलाई से शुरू होगी पहली फ्लाइट, NCR कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा फायदा

भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट से जल्द ही यात्रियों को जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी...