विरार ,
पालघर जिले के विरार शहर में पुलिस ने मंगलवार को एक नाले से एक महिला का शव बरामद किया था, जिसे पांच दिन पहले उसके पति ने बेरहमी से हत्या कर सिर धड़ से अलग कर दिया था. मृतका की पहचान 51 वर्षीय उत्कला हिप्परगी के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में पहले ही उसके पति हरीश हिप्परगी को गिरफ्तार कर लिया था.
पुलिस के मुताबिक, 8 जनवरी को पति-पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद हरीश ने गला दबाकर उत्कला की हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने शव को विरार के देशमुख फार्म के पास ले जाकर धारदार हथियार से सिर काट दिया. सिर को एक सूटकेस में डालकर पिरकुंडा दरगाह के पास फेंक दिया और बाकी शरीर को नाले में बहा दिया.
गला काटकर पत्नी की हत्या
घटना की जांच के दौरान घटनास्थल पर मिले एक बुलियन वॉलेट ने पुलिस को मृतका की पहचान करने में मदद की. इसके बाद हरीश को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली.
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया
मंगलवार सुबह मांडवी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने हरीश की निशानदेही पर चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया और अंततः उत्कला का शव नाले से बरामद कर लिया. इस घटना पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय हजारे ने बताया कि शव को फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
