समस्तीपुर
बिहार के समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव में मारपीट के दौरान सनसनीखेज एसिड अटैक की घटना सामने आई है। इस हमले में एक महिला समेत चार लोग बुरी तरह झुलस गए। आरोप है कि यह हमला एक पुराने छेड़खानी मामले में समझौता न करने पर अंजाम दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पीड़िता और परिवार को बनाया गया निशाना
एसिड अटैक की चपेट में आए लोगों में चरित्र दास, सुरेंद्र दास, उनकी पत्नी बबीता देवी और बालेश्वर दास शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए, जबकि स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि मारपीट में दूसरे पक्ष के मोतीलाल राय (70) और उसके पुत्र प्रियदर्शन कुमार (28) के भी घायल होने की सूचना है।
पुरानी रंजिश बना हमले की वजह
पीड़िता बबीता देवी ने बताया कि मोतीलाल राय के बेटों चंदन, मुन्ना कुमार और धर्मेंद्र से उनका पुराना विवाद था। कुछ वर्ष पहले इन लोगों ने घर में घुसने की कोशिश की थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी और मामला अब भी कोर्ट में लंबित है। आरोपी लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे।
शाम के समय पीछे से किया गया हमला
बबीता देवी के अनुसार, शुक्रवार की शाम जब वह घर के पीछे किसी काम से जा रही थीं, तभी चंदन और मुन्ना ने उनसे बदतमीजी की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने बबीता पर बोतल में रखा एसिड फेंक दिया। बबीता की चीख सुनकर उनके परिजन दौड़े, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी एसिड फेंक दिया और मौके से भाग निकले।
पुलिस ने शुरू की जांच, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सदर डीएसपी संजय कुमार पांडे ने बताया कि आरोपी फरार हैं, लेकिन उन्हें पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
