नई दिल्ली
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 के प्लेऑफ की तरफ पहला कदम बढ़ा दिया है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आरसीबी ने अरुण जेटली स्टेडियम में 7 विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के साथ आरसीबी के 10 मैचों में 14 पॉइंट हो गए हैं। अब प्लेऑफ में जाने के लिए उसे सिर्फ एक जीत चाहिए। पहले बैटिंग करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 8 विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने एक समय 26 रन पर 3 विकेट खो दिए थे। यहां से विराट कोहली और क्रुणाल पंड्या ने फिफ्टी लगाकर टीम को 19वें ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
जैसे-तैसे 150 के पार पहुंची दिल्ली
दिल्ली ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए लड़ने लायक स्कोर नहीं बना पाई। दिल्ली की तरफ से केएल राहुल ने थोड़ा धीमा अंदाज में खेलते हुए 39 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 41 रन बनाये। ट्रिस्टन स्टब्स ने 18 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर दिल्ली को 150 के पार पहुंचाया। शुरुआत तो गजब की थी दिल्ली कैपिटल्स की। जिस तरह से पहले तीन ओवर खेले गए थे। लेकिन इसके बाद तो मध्य ओवरों में करुण नायर और फाफ डुप्लेसी के विकेट गिरने के बाद रन रेट गिरा था और जिम्मेदारी अब केएल राहुल और कप्तान अक्षर पटेल पर थी।
अक्षर तो जल्दी आउट हुए लेकिन दो अहम विकेट भुवनेश्वर कुमार लेकर चले गए, जहां पर उन्होंने अहम समय पर केएल राहुल को आउट कर दिया। बाकी बची कहानी भुवी ने इस बीच आशुतोष का विकेट लेकर भी खत्म कर दी। दिल्ली के सलामी बल्लेबाजों अभिषेक पोरेल ने 11 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 28 रन ठोके। फाफ डुप्लेसी थोड़ा धीमे रहे। डुप्लेसी ने 26 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 22 रन बनाये। करुण नायर चार और कप्तान अक्षर पटेल 15 रन बनाकर आउट हुए। विप्रज निगम छह गेंदों पर एक छक्के की मदद से 12 रन बनाकर रन आउट हुए।
दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी पांच ओवरों में 54 रन जोड़े और चार विकेट गंवाए। आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि हेजलवुड ने चार ओवर में 36 रन देकर दो विकेट लिए जबकि यश दयाल और क्रुणाल पांड्या ने एक-एक विकेट लिया।
