रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” में शामिल हुए। सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात में की गई पूजा-अर्चना का वर्चुअल माध्यम से अवलोकन किया और उनका संबोधन सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हाटकेश्वर महादेव की विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर पर अनेक बार बाहरी आक्रांताओं ने हमले किए, लेकिन वे हमारी अटूट आस्था और परंपरा को समाप्त नहीं कर सके। उन्होंने इतिहास को याद करते हुए बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के संकल्प और प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के सहयोग से सोमनाथ का पुनरुद्धार संभव हुआ था। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि आज काशी विश्वनाथ, महाकाल और सोमनाथ जैसे तीर्थ स्थलों का संरक्षण कर देश की आध्यात्मिक विरासत को नया गौरव प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार शक्तिपीठ योजना के माध्यम से देवी मंदिरों का विकास कर रही है। उन्होंने बताया कि भोरमदेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 148 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। साथ ही, ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ के तहत अब तक 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या के दर्शन कर चुके हैं। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी अपने विचार रखे और सोमनाथ मंदिर को भारतीय वैभव और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
