बरनाला। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शुक्रवार को ‘शुकराना यात्रा’ के दौरान बरनाला पहुंचे। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के विरुद्ध अपनी सरकार द्वारा बनाए गए सख्त कानून के उपलक्ष्य में आयोजित इस यात्रा के दौरान उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मान ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक शरारती तत्व धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते रहे, लेकिन ढुलमुल कानूनों के कारण वे बच निकलते थे। अब ‘आप’ सरकार ने ऐसा मजबूत कानून तैयार किया है, जिससे दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण कानूनी अपडेट साझा करते हुए बताया कि विपक्ष के बहकावे में आकर एक व्यक्ति ने इस सख्त कानून को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। मान ने गर्व के साथ बताया कि हाईकोर्ट ने न केवल उस याचिका को सिरे से खारिज कर दिया, बल्कि याचिकाकर्ता पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्यपाल की मंजूरी के बाद अब यह कानून पूरी तरह प्रभावी है और इसे कोई भी चुनौती देकर रद्द नहीं करवा सकता।
बरनाला में मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की कृपा और जनता के सहयोग से ही वह इस ऐतिहासिक कानून को अमलीजामा पहनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पंजाब की शांति और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। यात्रा के दौरान स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा और ट्रैफिक के कड़े इंतजाम किए गए थे।
