भोपाल।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विजन 2047 विकसित भारत के अनुरूप सभी विभाग ठोस कार्ययोजना बनाकर योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के सिद्धांतों को अपनाते हुए आमजन के जीवन, रोजगार और व्यवसाय को अधिक सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया। वर्ष 2026 के प्रथम दिन मंत्रालय वल्लभ भवन में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव विभागीय लक्ष्यों एवं कार्ययोजनाओं पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर रहे थे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने नववर्ष के अवसर पर मुख्य सचिव श्री जैन एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
मुख्य सचिव ने चालू वित्तीय वर्ष के शेष तीन माह के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मिशन मोड में कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2028 तक रोलिंग बजट व्यवस्था लागू रहेगी, जिसके अंतर्गत विभाग आगामी तीन वर्षों के लिए गरीब, अन्नदाता, युवा और नारी सशक्तिकरण के विजन को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाएंगे। श्री जैन ने प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित मुख्य सचिव सम्मेलन में मध्यप्रदेश के अग्रणी पांच राज्यों में शामिल होने पर अधिकारियों को बधाई दी।
उन्होंने पुराने नियम-कानूनों की समीक्षा कर उन्हें आमजन की सुविधा के अनुरूप पुनः डिज़ाइन करने, बड़े प्रोजेक्ट्स की नियमित समीक्षा तथा समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इंदौर में हुई हालिया घटना पर दुख व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान खोजने तथा आपात स्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। मुख्य सचिव ने एमपीई सेवा ऐप को और अधिक प्रभावी बनाने, अन्य राज्यों की अच्छी योजनाओं को अपनाने तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव एवं विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
