भोपाल
महाकाल भक्त मंडल धार्मिक सामाजिक सेवा समिति, शिवलोक फेस-2 द्वारा महाशिवरात्रि महोत्सव वर्ष 2026 के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जा रहा है। समिति द्वारा विगत 12 वर्षों से निरंतर भव्य शिव बारात का आयोजन किया जा रहा है, जो इस वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। समिति के अध्यक्ष पंडित मनीष तिवारी ने बताया कि बाबा महाकाल एवं मां बगलामुखी को आमंत्रण पत्र प्रदान करने के साथ ही महाशिवरात्रि महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। इस आयोजन में लगभग 5,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।
कार्यक्रम के अंतर्गत 14 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक विभिन्न धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। 14 फरवरी को संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। वहीं 15 फरवरी को प्रातः महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं महाआरती आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात विशाल भंडारे एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन होगा। मुख्य कार्यक्रम के रूप में रविवार, 15 फरवरी 2026 को सायं 5 बजे से भव्य शिव बारात एवं शोभायात्रा नगर भ्रमण करेगी।
शिव बारात में 15 फीट ऊंची भगवान शिव की भव्य प्रतिमा, विशाल आदि योगी की झांकी, नासिक से मंगाए गए ढोल, बैंड, डीजे, डमरू दल, शिव-पार्वती की झांकी, आकर्षक रथ तथा पालकी में सवार बाबा भोलेनाथ के मुखौटा स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कार्यक्रम स्थल शिवलोक फेस-2, आनंद नगर, खजूरी कलां रोड, पिपलानी, भोपाल रहेगा। आयोजन के दौरान भव्य आतिशबाजी के साथ भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। महाकाल भक्त मंडल धार्मिक सामाजिक सेवा समिति एवं शिवलोक फेस-2 परिवार ने समस्त श्रद्धालु भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन अवसर में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
Read Also :- भोपाल में चोरों का आतंक: पॉश इलाकों के सूने मकानों को बनाया निशाना
