भोपाल
ईंटखेड़ी इलाके में एक प्राइवेट बैंक के कर्मचारी ने समूह लोन लेने वाली 31 महिलाओं से किस्त की रकम वसूल कर ली और उसे बैंक में जमा करने के बजाय खुद लेकर फरार हो गया। कुल रकम करीब 1 लाख 13 हजार रुपये बताई जा रही है, जो इन महिलाओं के लिए छोटी नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और भरोसे की कमाई थी।
जानकारी के मुताबिक आरोपी पवन गोस्वामी को बैंक द्वारा गांव-गांव जाकर समूह लोन की किस्त वसूली की जिम्मेदारी दी गई थी। वह नियमित रूप से महिलाओं के घर जाकर रकम लेता रहा। महिलाओं को भरोसा था कि वह बैंक का अधिकृत कर्मचारी है और उनकी किस्त सुरक्षित रूप से जमा हो रही है। लेकिन सवाल यह है कि इतने लंबे समय तक बैंक को यह कैसे पता नहीं चला कि रकम खाते में जमा नहीं हो रही?
मामले का खुलासा तब हुआ जब लोन रिकवरी के लिए दूसरे बैंककर्मी महिलाओं के घर पहुंचे। तब महिलाओं को पता चला कि उनकी कई किस्तें बैंक रिकॉर्ड में बकाया दिख रही हैं। यहीं से शक गहराया और जांच में सच्चाई सामने आई। इसके बाद से आरोपी बैंक आना बंद कर दिया और फरार हो गया। पुलिस ने बैंक मैनेजर वशीम कुरैशी की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
Read Also :- मंदिर के सामने शराब दुकान को लेकर विवाद, मानव अधिकार आयोग ने उठाए सवाल
