भोपाल
प्रदेश में पेश किए गए बजट और बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजधानी में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ठेले पर स्कूटी और गैस सिलेंडर रखकर सरकार के खिलाफ रैली निकाली और आम लोगों को राहत नहीं मिलने का आरोप लगाया। जानकारी के अनुसार, महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए।
यहां से वे ठेले पर स्कूटी और घरेलू गैस सिलेंडर रखकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन करते हुए मंत्री के बंगले की ओर बढ़े। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है, लेकिन बजट में महिलाओं और गृहिणियों को कोई विशेष राहत नहीं दी गई। उनका आरोप था कि रसोई गैस, बिजली बिल और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे घर चलाना मुश्किल हो गया है।
रैली को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की। इस दौरान पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कुछ कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने रोक दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि महंगाई पर नियंत्रण और महिलाओं को राहत देने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Read Also :- प्रदेश में ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश, रबी फसलें और अफीम की खेती को भारी नुकसान
