भोपाल
राजधानी भोपाल के पुराने पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर गुरुवार दोपहर उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक ई-रिक्शा चालक की पत्नी ने पुलिसकर्मियों द्वारा कथित बदसलूकी और डराने-धमकाने से तंग आकर चूहामार दवा खा ली। घटना के बाद गुस्साए रिक्शा चालक ने पुलिसकर्मियों की मोटरसाइकिल सड़क पर पटक दी और काफी देर तक विरोध प्रदर्शन किया। सिग्नल तोड़ने के आरोप पर शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, बरखेड़ी निवासी नवल कुशवाह उर्फ राहुल अपनी पत्नी पूजा के साथ निजी काम से बाजार जा रहे थे। दोपहर करीब 2:00 बजे पुराने कंट्रोल रूम तिराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और सिग्नल तोड़ने का आरोप लगाया। नवल ने जब इसका विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने दस्तावेज मांगे और कथित तौर पर उनके साथ झूमाझटकी की। थाने ले जाने की धमकी से घबराई पत्नी नवल का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन थाने ले जाने की धमकी दी।
इस स्थिति से बुरी तरह घबराई पूजा ने अपने पास रखी चूहामार दवा खा ली। पत्नी की तबीयत बिगड़ते और उल्टियां होते देख पुलिसकर्मी मौके से भागकर पुराने कंट्रोल रूम में घुस गए। बीच सड़क पर हंगामा और जाम पत्नी की हालत देख नवल का गुस्सा फूट पड़ा। उसने सड़क के बीचों-बीच अपना ई-रिक्शा खड़ा कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। उसने पुलिसकर्मियों की बाइक पलट दी और करीब 10 मिनट तक वहीं अड़ा रहा। लोगों ने उसे पत्नी को तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन वह पुलिसकर्मियों को सामने बुलाने की मांग करता रहा। नवल ने दुखी होकर कहा “रिक्शा चलाकर बमुश्किल घर खर्च निकलता है। अगर चालान हो जाए या रिक्शा जब्त हो जाए, तो जीवन जीना मुश्किल हो जाता है। मेरी पत्नी को कुछ हुआ तो पुलिसकर्मी ही जिम्मेदार होंगे”।
पुलिस का पक्ष और जांच के आदेश ट्रैफिक एसीपी अजय बाजपेयी ने बताया कि रिक्शा चालक ने सिग्नल जंप किया था, जिस पर उसे रोका गया। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई की बात सुनकर चालक उत्तेजित हो गया और अभद्रता करने लगा। फिलहाल उन पुलिसकर्मियों की पहचान की जा रही है जिन्होंने रिक्शा रोका था। मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। काफी समझाइश के बाद नवल अपनी तड़पती हुई पत्नी को ई-रिक्शा से ही अस्पताल लेकर रवाना हुआ। फिलहाल महिला की स्थिति और अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है।
Read Also :- कोलार क्षेत्र में खाने को लेकर पत्नी से विवाद लैब संचालक ने घर में लगाई फांसी
