भोपाल
राजधानी में एम्स अस्पताल के सामने एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत का छज्जा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में नीचे खड़े करीब आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया, जहां तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच घायलों का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार साकेत नगर क्षेत्र में स्थित सडाना मेडिकल स्टोर के ऊपर चार मंजिला इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। नीचे मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा था। एम्स अस्पताल में आए मरीज और उनके परिजन दवाई लेने के लिए मेडिकल स्टोर के बाहर खड़े थे, तभी अचानक इमारत का छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे में 23 वर्षीय नंदिनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके पैर में लोहे का एंगल घुस गया तथा सिर और हाथ में भी गहरी चोटें आई हैं। उन्हें एम्स के ट्रॉमा ब्लॉक में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
इसके अलावा मनोज कुमार (56), तनुश्री (19), अभय और सोमप्रकाश सिंह (61) भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां शेड लगा हुआ था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मलबा सीधे लोगों पर गिरता तो जनहानि हो सकती थी। छज्जा गिरने से वहां खड़ी तीन दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नगर निगम ने निर्माण सामग्री जब्त करते हुए भवन निर्माण की वैधता की भी जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इमारत का कुछ हिस्सा अवैध रूप से बनाया जा रहा था।
Read Also :- दादाजी धाम मंदिर में अष्टमी पर माँ महागौरी की भव्य महाआरती
