तेहरान। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने जंग के बीच आर्मी चीफ जनरल रैंडी जॉर्ज के अलावा दो और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को भी पद से हटाने का फैसला किया है। यह जानकारी अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हटाए गए अफसरों में आर्मी के ट्रांसफॉर्मेशन एंड ट्रेनिंग कमांड के चीफ जनरल डेविड होडने और आर्मी के चैपलिन कॉर्प्स के चीफ जनरल विलियम ग्रीन जूनियर शामिल हैं। दूसरी ओर राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान से समझौते को लेकर कहा, ‘अगर यह डील नहीं हुई, तो मैं उपराष्ट्रपति जेडी वैंस को दोषी ठहराऊंगा। अगर यह हो जाती है, तो मैं इसका पूरा क्रेडिट लूंगा।’ ट्रम्प ने यह बात व्हाइट हाउस में आयोजित इस्टर लंच के दौरान मजाक करते हुए कहा।
होर्मुज पर UN में वोटिंग टली
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में बहरीन के प्रस्ताव पर आज होने वाली वोटिंग कल के लिए टाल दी गई है। इस प्रस्ताव में देशों को होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित के जरूरी सभी कदम उठाने की अनुमति देने की बात कही गई है।
बहरीन के विदेश मंत्री ने कहा कि इसका मकसद दुनिया के बाजार को सुरक्षित रखना और सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक में रुकावट को रोकना है।

भारत बोला- हम अकेले जिसने होर्मुज में नाविक खोए
ब्रिटेन की पहल पर होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए गुरुवार को एक ऑनलाइन बैठक हुई, जिसमें 60 से ज्यादा देशों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में भारत की तरफ से विदेश सचिव विक्रम मिसरी शामिल हुए।
बैठक में विक्रम मिसरी ने कहा कि होर्मुज संकट में अब तक सिर्फ भारत के ही नागरिक मारे गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक होर्मुज संकट में अब तक 3 भारतीय नाविक मारे जा चुके हैं, ये सभी विदेशी जहाजों पर काम कर रहे थे।
ईरान युद्ध में 24 घंटे में 148 लोग अस्पताल पहुंचे, कुल आंकड़ा 6500 पार
इजराइल के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में ईरान के साथ चल रहे युद्ध के कारण 148 घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही कुल अस्पताल में भर्ती लोगों की संख्या 6,500 से ज्यादा हो गई है। इन आंकड़ों में सैनिक और आम नागरिक दोनों शामिल हैं।
दक्षिण लेबनान में हवाई हमले में हिजबुल्लाह के 15 लड़ाके मारे गए
इजराइल की सेना (IDF) ने दावा किया है कि दक्षिण लेबनान में किए गए एक हवाई हमले में हिजबुल्लाह के 15 लड़ाके मारे गए हैं।
सेना के अनुसार, दक्षिण लेबनान के पश्चिमी क्षेत्र में 146वीं डिवीजन के सैनिकों ने इन लड़ाकों की पहचान की थी। इसके बाद इजराइली वायुसेना ने हमला कर उन्हें मार गिराया।
होर्मुज से जहाजों की आवाजाही बढ़ी
होर्मुज स्ट्रेट में अब जहाजों की आवाजाही धीरे-धीरे बढ़ रही है। समुद्री खुफिया कंपनी विंडवार्ड के अनुसार, बुधवार को इस अहम समुद्री रास्ते से 16 जहाज गुजरे, जो लगातार तीसरे दिन बढ़ोतरी को दिखाते हैं। कंपनी ने बताया कि ये सभी जहाज लारक द्वीप के रास्ते से गुजरे। इसका मतलब है कि कई देश ईरान से बातचीत कर रहे हैं, ताकि उनके जहाज सुरक्षित तरीके से गुजर सकें। इससे आने वाले दिनों में जहाजों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, यह बढ़ोतरी अभी भी सामान्य स्तर से काफी कम है। युद्ध शुरू होने से पहले, 28 फरवरी तक रोजाना करीब 130 जहाज इस रास्ते से गुजरते थे।
पूर्व ईरानी विदेश मंत्री बोले- ईरान जीत का ऐलान कर युद्ध खत्म करे
- पूर्व ईरानी विदेश मंत्री जवाद जरीफ ने ईरान से कहा है कि वह जीत का ऐलान करे और ऐसा समझौता करे जिससे मौजूदा युद्ध खत्म हो और भविष्य में भी टकराव रोका जा सके।
- अमेरिका की पत्रिका फॉरेन अफेयर्स में लिखे एक लेख में जरीफ ने ईरान के लिए एक योजना पेश की, जिससे वह अमेरिका और इजराइल के साथ चल रहे संघर्ष को अपने पक्ष में खत्म कर सकता है।
- उन्होंने सुझाव दिया कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर कुछ सीमाएं लगाने और होर्मुज को फिर से पूरी तरह खोलने की पेशकश कर सकता है। इसके बदले सभी आर्थिक प्रतिबंध हटाने की मांग की जा सकती है।
- जरीफ ने यह भी कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच नॉन-अग्रेशन (एक-दूसरे पर हमला न करने) का समझौता हो सकता है, जिसमें दोनों देश भविष्य में एक-दूसरे पर हमला न करने का वादा करें।
