चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व पर करारा प्रहार किया है। चंडीगढ़ में मीडिया से चर्चा के दौरान सीएम मान ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की नजर में देश में अब तक जो भी गलत हुआ, वह नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री या डॉ. अंबेडकर कर गए, और जो आज चंडीगढ़ में गलत हो रहा है, उसके लिए भगवंत मान जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी नाकामियों की जिम्मेदारी लेने के बजाय हमेशा दूसरों पर दोष मढ़ती रही है।
प्रधानमंत्री मोदी के पुराने बयानों पर निशाना साधते हुए भगवंत मान ने कहा कि मोदी जी को सत्ता में 24 साल (12 साल गुजरात और 12 साल केंद्र) हो गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि 2 करोड़ नौकरियां, 15 लाख रुपए और स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने के वादों का क्या हुआ? सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा, “पहले कहा गया कि मेरी तपस्या में कमी रह गई, अब तो 24 साल में तपस्या पूरी हो गई होगी, फिर अब तक क्या किया?” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा दूसरों के कंधों का इस्तेमाल करती है और अब उन्होंने सुनील जाखड़ और कैप्टन अमरिंदर सिंह के कंधों पर बंदूक रखी है।
पंजाब के आढ़तियों द्वारा हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के सवाल पर भगवंत मान काफी सख्त नजर आए। उन्होंने कहा कि यदि आढ़तियों को हरियाणा की व्यवस्था पसंद है, तो वे वहीं जाकर आढ़त करें। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि हरियाणा का कुल उत्पादन पंजाब के संगरूर जिले के बराबर भी नहीं है, और न ही वहां बिजली मुफ्त है। मान ने कहा कि केंद्र सरकार ने रेट नहीं बढ़ाए, इसका मुद्दा उन्हें प्रधानमंत्री के सामने उठाना चाहिए न कि हरियाणा सीएम के सामने।
