भोपाल। राजधानी में एक इंजीनियरिंग छात्रा के साथ नाम बदलकर दोस्ती करने, शारीरिक शोषण और धर्म परिवर्तन के दबाव का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना ने तब नया मोड़ ले लिया जब ‘ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी’ खुलकर पीड़िता के समर्थन में आ गई। संगठन ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मुख्यमंत्री निवास के घेराव की चेतावनी दी है।
महिला थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, एक निजी विश्वविद्यालय की छात्रा की मुलाकात 2023 में एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम आशीष पांडे बताया था। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने छात्रा के साथ कई बार संबंध बनाए। बाद में पता चला कि आरोपी का असली नाम आसिफ रजा है। पीड़िता का आरोप है कि जनवरी 2026 में जब उसने अपने गर्भवती होने की जानकारी दी, तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे जान से मारने और एसिड अटैक की धमकी दी। साथ ही उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव भी बनाया गया। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह पूरे समाज के लिए शर्मनाक है।
संगठन ने पीड़िता की कानूनी लड़ाई और पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस तरह की ओछी हरकत करने वालों के खिलाफ हैं और सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है कि यदि आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। 5 मार्च 2026 को मामला दर्ज होने के बावजूद दो महीने बीत जाने पर भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं और पुलिस ने शुरुआत में समझौते का दबाव भी बनाया था।
छात्रा ने स्पष्ट किया है कि वह अब न्याय चाहती है, शादी नहीं। महिला थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है, हालांकि गिरफ्तारी में देरी को लेकर प्रशासन अब सवालों के घेरे में है।
