भोपाल। राजधानी के पिपलानी इलाके में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने घर के बाहर टहल रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की रविवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 48 वर्षीय हटे सिंह जादव पिता काशीनाथ जादव, जो बी-सेक्टर पिपलानी के निवासी थे और एक साइट सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत थे, शुक्रवार देर रात खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित ई-रिक्शा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हटे सिंह बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। चौंकाने वाली बात यह है कि हादसे के समय ई-रिक्शा में आरोपी चालक की मां भी सवार थी।
टक्कर के बाद चालक अपनी मां और वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। मृतक के भाई भाव सिंह जादव के अनुसार, चालक की मां ने बताया कि रिक्शा के ब्रेक सही से काम नहीं कर रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
