भोपाल। राजधानी के बैरसिया इलाके में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय पुजारी की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल है। तेज रफ्तार रेनॉल्ट क्विड कार ने बाइक को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सड़क पर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बरेला खेड़ा निवासी संजू शर्मा (28 वर्ष) पेशे से पुजारी थे। शुक्रवार शाम वह अपने साथी रणवीर के साथ बैरसिया मार्केट से पूजन सामग्री खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। घर के पास मुख्य मार्ग पर ही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल संजू की शनिवार तड़के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि रणवीर की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खेत में जाकर पलट गई। बताया जा रहा है कि कार में चालक अकेला था, जो दुर्घटना के तुरंत बाद गाड़ी से निकलकर भागने में सफल रहा। बैरसिया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी चालक की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है। संजू की असमय मौत से उनके परिवार में मातम पसरा है। उनकी शादी 5 साल पहले हुई थी और उनका 3 साल का एक छोटा बेटा है। पति की मौत की खबर मिलने के बाद से उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
