भोपाल। स्टेशन बजरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरुषोत्तम नगर में एक 27 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कमलेश लोधी, पिता लाखन सिंह लोधी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण आत्महत्या के कारणों का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलेश लोधी मूलतः रायसेन जिले के बेगमगंज का निवासी था और वर्तमान में पुरुषोत्तम नगर में किराए के मकान में अपने बड़े भाई हरिकेश लोधी और मां के साथ रहता था। घटना के समय वह घर पर अकेला था। बताया जा रहा है कि उसके भाई और मां लगभग एक सप्ताह पूर्व किसी पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए गए हुए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयानों के आधार पर आत्महत्या की वजह तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।
