अमृतसर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा भारतीय जनता पार्टी पर लगाए गए आरोपों के विरोध में शनिवार को अमृतसर की सड़कों पर भारी हंगामा देखने को मिला। भाजपा जिला प्रधान हरविंदर सिंह संधू के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए रानी बाग से पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक एक विशाल रोष मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि बेबुनियाद आरोप लगाने के मामले में मुख्यमंत्री के खिलाफ तुरंत एफआईआर ) दर्ज की जाए।
पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपने के बाद भाजपा जिला प्रधान हरविंदर सिंह संधू ने मीडिया से कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा पंजाब में हो रहे बम धमाकों जैसी संवेदनशील घटनाओं को भाजपा से जोड़ना न केवल हास्यास्पद है, बल्कि बेहद गैर-जिम्मेदाराना भी है। उन्होंने कहा, “बिना किसी सबूत के देश की सबसे बड़ी पार्टी पर ऐसे गंभीर आरोप लगाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। इ
ससे प्रदेश का सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है।” प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता सुखदेव सिंह हनेरियां ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने याद दिलाया कि स्वयं डीजीपी ने कई बार धमाकों के तार पाकिस्तान और आईएसआई से जुड़े होने की बात कही है, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा को निशाना बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।
