भोपाल। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 31 में बुधवार को विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक भगवानदास सबनानी ने सीसी रोड और पेविंग ब्लॉक निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। लगभग 13 लाख 54 हजार रुपये की लागत से क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी में सीसी रोड का निर्माण और चक्की चौराहे के पास पेविंग ब्लॉक लगाने का कार्य किया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने से न केवल वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि पैदल चलने वाले नागरिकों को भी राहत मिलेगी।

जनता को संबोधित करते हुए विधायक सबनानी ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर तीव्र गति से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मानसून की शुरुआत से पहले कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान क्षेत्र में जल भराव की स्थिति पैदा न हो और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

भूमि पूजन के इस गरिमामय अवसर पर महापौर परिषद के सदस्य आरके सिंह बघेल, जोन अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय पार्षद ब्रजुला सचान, मंडल अध्यक्ष सोनू पालीवाल, प्रमोद पोलघनटलवार, गुंजन मिश्रा, अर्चना उपाध्याय, विशाल सपकाले, मनीष भदौरिया, तृप्ति भरद्वाज, सुनीता सोनी, विमला विश्वकर्मा, नंदू घोड़के, संदीप माथुर, नेतराम जाटव और सूरज बाई सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
