जालोर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को अपने जालोर दौरे के दौरान अपने सहज और सरल अंदाज से स्थानीय लोगों का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री ने सुबह बिना किसी प्रोटोकॉल के ग्राम पंसेरी में सैर की और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। सैर के दौरान मिले सीधे फीडबैक पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर को जिले के विकास कार्यों की ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट में की गई घोषणाओं का लाभ धरातल पर जल्द से जल्द दिखना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री प्रसिद्ध सुन्धा माता मंदिर भी पहुंचे, जहाँ उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राजस्थान की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
इसके पश्चात अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने जालोर की बुनियादी समस्याओं पर चर्चा करते हुए दोहराया कि राज्य सरकार हर जिले के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
