भोपाल। गोविंदपुरा विधानसभा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 67 स्थित अर्जुन नगर बस्ती के पीड़ित परिवारों से राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव दीप्ति सिंह एवं भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। वर्तमान में अयोध्या बायपास विस्तार के नाम पर प्रशासन द्वारा इस बस्ती के निवासियों को भोपाल शहर से लगभग 25 किलोमीटर दूर विस्थापित करने की तैयारी की जा रही है।
बस्तीवासियों का आरोप है कि उन्हें जिस स्थान पर भेजा जा रहा है, वहाँ शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का पूरी तरह अभाव है। इस मामले में कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं का मानवीय आधार पर उचित और सहानुभूतिपूर्वक निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के विस्थापन से पूर्व प्रभावितों के लिए नए स्थान पर आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और रोजगार जैसी सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस गंभीर जनसमस्या के संबंध में कल जिला कलेक्टर को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। बस्तीवासियों से मुलाकात और इस चर्चा के दौरान गोविंदपुरा विधानसभा प्रभारी मजाज मोहम्मद खान, दीप्ति सिंह, ललित सेन, संतराम दुबे, राजेश अहिरवार, बृजेश साहू, साकेत नगर के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील प्रजापति, वीरु लाहौरी एवं उपेंद्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
