भोपाल। मप्र नामदेव समाज विकास परिषद के शैक्षणिक सत्र 2026-29 के प्रांतीय निर्वाचन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान महामंत्री पद पर सर्वसम्मति बनने से इंदौर के सुभाष चंद्र वर्मा को पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया था, जबकि अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद के लिए रविवार को कड़े मुकाबले के बीच मतदान कराया गया।
मुख्य चुनाव अधिकारी अजय कुमार नामदेव (एडवोकेट) के अनुसार, रविवार दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक नामदेव समाज सामुदायिक भवन में मतदान की प्रक्रिया चली। परिषद के कुल 3508 आजीवन एवं संरक्षक सदस्यों में से 1237 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं की पहचान वैध दस्तावेजों से सत्यापित की गई। शाम को मतदान समाप्ति के तुरंत बाद सभी प्रत्याशियों और चुनाव अधिकारियों की मौजूदगी में मतपेटियों को सील किया गया और शाम 7 बजे से मतगणना शुरू हुई।

देर रात करीब 1 बजे घोषित किए गए अंतिम परिणामों में अध्यक्ष पद पर गाडरवारा के राजेंद्र कुमार नामदेव ने गुना के अरुण नामदेव को 106 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं, कोषाध्यक्ष पद के मुकाबले में भोपाल के भीकम सिंह नामदेव ने ओपी नामदेव को 246 मतों के भारी अंतर से शिकस्त देकर विजय हासिल की। इस प्रांतीय चुनाव में हिस्सा लेने के लिए मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाजजन राजधानी भोपाल पहुंचे थे। चुनाव को सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए तीन सहायक चुनाव अधिकारी, तीन पर्यवेक्षक और तीन सुरक्षा प्रभारियों की तैनाती की गई थी, जिसमें भोपाल पुलिस और टीटी नगर थाने का भी सराहनीय सहयोग रहा।
मुख्य चुनाव अधिकारी अजय कुमार नामदेव ने पूरी निर्वाचन टीम और समाज के सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव के दौरान समाज के लोगों तक समय पर सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव के प्रयासों की विशेष सराहना की।
