भोपाल। जिले के खुजनेर कस्बे में रविवार को एक बेहद हैरान करने वाला और संवेदनहीन मामला सामने आया है। यहाँ घरों की घंटी बजाकर भागने के शक में जनरल स्टोर संचालक ने एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपी ने बच्ची को जबरन अपने घर के अंदर खींचने की कोशिश भी की, लेकिन बच्ची ने सूझबूझ दिखाते हुए दरवाजे पर पैर अड़ा दिए और शोर मचाकर खुद को बचाया। इस खौफनाक घटना से डरी-सहमी मासूम ने हिम्मत दिखाते हुए खुद अपने पिता के मोबाइल से थाना प्रभारी (टीआई) को फोन लगाकर रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई।
पुलिस ने बच्ची के पिता के आवेदन पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, खिलचीपुर की रहने वाली यह बच्ची इन दिनों गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए खुजनेर के सदर बाजार स्थित अपने नाना के घर आई हुई है। रविवार को मोहल्ले के कुछ बच्चे खेल-खेल में लोगों के घरों की डोरबेल (घंटी) बजाकर भाग रहे थे। इसी दौरान वहां जनरल स्टोर चलाने वाले आरोपी राजेश साहू ने इस मासूम बच्ची को पकड़ लिया और घंटी बजाने की बात को लेकर पूछताछ करने लगा।
बच्ची के मना करने पर भी आरोपी ने उसे जबरन अपने घर के अंदर खींचना शुरू कर दिया। जब बच्ची ने विरोध किया और चिल्लाई, तो गुस्से में आकर राजेश ने उसके सिर और गाल पर कई थप्पड़ जड़ दिए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने बच्ची को छुड़ाया, जिसके बाद आरोपी से उनकी तीखी बहस भी हुई।
घटना के बाद मासूम बच्ची ने खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर को फोन लगाया और रोते हुए कहा, “अंकल, वो अंकल मेरे को घर के अंदर ले जाने वाले थे, तो मैंने पैर लगा लिया। उन्होंने मेरे सिर और गाल पर बहुत चांटे मारे। मैंने घंटी नहीं बजाई थी।” बच्ची की यह मासूमियत और आपबीती सुनकर पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। देर रात बच्ची के पिता ने खुजनेर थाने पहुंचकर आरोपी राजेश साहू के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं, उसे जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।
