चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को अपने परिवार के साथ बिहार स्थित सिखों के पवित्र धार्मिक स्थल तख्त श्री पटना साहिब पहुंचे। यहाँ उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में पूरी श्रद्धा के साथ माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थान सिखों के पांच तख्तों में से एक है और ऐतिहासिक रूप से जुल्म के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत भी यहीं से हुई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने गुरु चरणों में शीश नवाकर देश में अमन-चैन, शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अरदास की है। पटना साहिब दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने देश के राजनीतिक हालात, महंगाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।
पीएम मोदी पर तंज कसते हुए सीएम मान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में एक तरह से अघोषित लॉकडाउन लगा रखा है। वे खुद देश की जनता को विदेश यात्रा न करने और घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन स्वयं विदेश यात्राओं पर निकल गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने दोस्त डोनाल्ड ट्रंप से पूछकर देश की जनता को यह साफ-साफ बताना चाहिए कि असल में हमारे देश की आर्थिक स्थिति और विदेश नीति की जमीनी हकीकत क्या है।
सांसदों के दल-बदल और चुनाव में गड़बड़ी की आशंका पर बोले सीएम
आम आदमी पार्टी (आप) के सात सांसदों के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर सीएम मान ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने कहा, “इस विषय पर मैंने राष्ट्रपति से भी मुलाकात की है। पंजाब में भाजपा के 117 में से सिर्फ दो विधायक हैं, ऐसे में उनके पास छह राज्यसभा सांसद कैसे हो सकते हैं?
भाजपा को दूसरी पार्टियों को तोड़ने और विधायक-सांसद खरीदने का धंधा बंद कर देश की मुख्य समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।” वहीं पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों में बिहार-बंगाल जैसी गड़बड़ी (वोटों की कटौती) की आशंका पर उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 जून से शुरू होने वाली एसआईआर प्रक्रिया को लेकर ‘आप’ के वॉलंटियर्स पूरी तरह मुस्तैद हैं और पंजाब में असली वोट कटने व नकली वोट बनने जैसी धांधली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
