जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। सरकार द्वारा संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से धरातल पर सुशासन की संकल्पना साकार हो रही है। धनगर, गड़रिया, गाड़री, गायरी और पाल बघेल समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सशक्त महिला, शिक्षित युवा, समृद्ध किसान और कुरीतिमुक्त समाज ही हमारे प्रदेश के विकास का असली आधार हैं।
सरकार का ध्येय है कि इन समाजों के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर सुलभता से पहुँचें। इस विशेष बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोकमाता पुण्यश्लोक अहिल्या बाई होल्कर की 301वीं जयंती समारोह के पोस्टर का गरिमामय विमोचन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने माता अहिल्या बाई होल्कर के कुशल प्रशासन, महिला सशक्तिकरण और जनसेवा के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन और मूल्य आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं।
बैठक में उपस्थित समाज के विभिन्न प्रबुद्धजनों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री की लोक कल्याणकारी नीतियों की सराहना की और समाज सुधार व विकास के प्रयासों में सरकार को पूर्ण सहयोग देने का विश्वास दिलाया।
