भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) भोपाल की सैटेलाइट कॉलोनियों को जोड़ने वाली मुख्य खजूरी कला रोड पर नियमों को ताक पर रखकर बनाए गए खतरनाक स्पीड ब्रेकरों को लेकर ‘ऑल इंडिया बीएचईएल एम्प्लॉइज यूनियन’संबद्ध एनएफआईटीयू ने मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर यूनियन के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने जीएम (एचआर) टीयू सिंह एवं एजीएम (एचआर/आईआर) श्रीमती सुरेखा बंछौर से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

यूनियन पदाधिकारियों ने प्रबंधन को बताया कि मेट्रो परियोजना से जुड़ी निर्माण एजेंसी द्वारा खजूरी कला रोड पर कई स्थानों पर अत्यधिक ऊँचाई वाले स्पीड ब्रेकर बना दिए गए हैं। ये स्पीड ब्रेकर सड़क निर्माण के तय इंजीनियरिंग मानकों और आईआरसी की गाइडलाइंस के बिल्कुल विपरीत हैं।
सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि इन स्पीड ब्रेकरों पर न तो कोई रिफ्लेक्टिव (चमकदार) पेंट लगाया गया है और न ही दूर से सचेत करने वाले चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं। इसके चलते रात के अंधेरे में वाहन चालकों को ये दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
