राजस्थान। भजनलाल शर्मा ने गांवों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद की अपनी पहल को आगे बढ़ाते हुए प्रातः भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री सुबह-सुबह गांव की गलियों में पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा की और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम विकास चौपाल जन-मन संवाद से समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। सरकार की प्राथमिकता अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना है, ताकि हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसान आधुनिक एवं लाभदायक खेती अपनाकर अपनी आय बढ़ाएं, इसके लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। कई मांगों पर मौके पर ही स्वीकृतियां जारी की गईं और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए कुशलगढ़ के बीसीएमओ को एपीओ करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई को प्रशासनिक जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ग्रामीणों की मांग पर हीरन नदी पर एनिकट निर्माण के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए। इससे क्षेत्र में जल संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव, किसान, गरीब और युवाओं के विकास को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना ही सरकार की प्राथमिकता है।
