देवली (टोंक)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को देवली उपखंड क्षेत्र स्थित प्रदेश के लाइफलाइन कहे जाने वाले बीसलपुर बांध का दौरा करेंगे। वे यहाँ राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ के तहत विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और बांध की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के इस वीवीआईपी दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी और पुलिस अधीक्षक (SP) रोशन मीणा ने खुद बीसलपुर बांध क्षेत्र का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और प्रोटोकॉल का जायजा लिया। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे बीसलपुर बांध पहुंचेंगे। यहाँ आगमन के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल कलश का पूजन करेंगे।
बीसलदेव शिव मंदिर में जलाभिषेक और स्कॉडा रूम का निरीक्षण जल कलश पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री बांध के जलभराव क्षेत्र व त्रिवेणी संगम पर स्थित सदियों पुराने प्राचीन बीसलदेव शिव मंदिर पहुंचेंगे। यहाँ वे प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक करेंगे। धार्मिक अनुष्ठान के बाद मुख्यमंत्री बांध परिसर में बने अत्याधुनिक ‘स्कॉडा नियंत्रण कक्ष’ (Scada Control Room) का भी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे बांध की वर्तमान जल भराव स्थिति, पानी की आवक-निकासी और पेयजल व सिंचाई से जुड़ी अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं के बारे में जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेंगे।
