राजस्थान। राजस्थान के डूंगरपुर जिला की चौरासी विधानसभा क्षेत्र स्थित धंबोला ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान भजनलाल शर्मा ने महिलाओं, किसानों, युवाओं, सरकारी कर्मचारियों और ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान लोगों ने अपने क्षेत्र के विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं से मिले लाभों की जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने लोगों से राज्य सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ाने के पक्षधर हैं, इसलिए महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का कानून लाया गया। मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए विपक्षी दलों पर परिवारवाद और महिला विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि कुछ दल आदिवासियों की बात तो करते हैं, लेकिन नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करते रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून से आदिवासी क्षेत्र की महिलाएं और बेटियां भी आगे बढ़ सकेंगी।
गुरुवार देर शाम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा धंबोला पहुंचे, जहां स्कूल परिसर में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया। उन्हें पगड़ी पहनाई गई और तीर-कमान भेंट किए गए। वहीं राजीविका समूह की महिलाओं ने शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान कठपुतली प्रस्तुति के माध्यम से स्थानीय वागड़ी भाषा में सरकारी योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी दी गई। इसमें किसानों के लिए तारबंदी योजना, फव्वारा योजना, बेटियों के लिए लैपटॉप और टैबलेट योजना, लखपति दीदी योजना तथा आयुष्मान योजना जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख किया गया।
राजीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए स्वरोजगार और ऋण सुविधा से जीवन में आए बदलावों की जानकारी दी। इसके अलावा वरिष्ठजन पेंशन योजना के लाभार्थियों और किसानों ने भी योजनाओं से मिले लाभ साझा किए।
