भोपाल। समाज सेवा, स्वच्छता और धार्मिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘नामदेव समाज विकास परिषद, मध्य प्रदेश’ द्वारा एक अनूठी पहल की जा रही है। परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों- अध्यक्ष राजेंद्र कुमार नामदेव, कोषाध्यक्ष भीकम सिंह नामदेव एवं महामंत्री सुभाष चंद्र वर्मा के नेतृत्व में समाज हित और धार्मिक चेतना को सशक्त बनाने के लिए विशेष “मंदिर चलो अभियान” का शंखनाद किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत समाज में सेवा, स्वच्छता, संगठन एवं आध्यात्मिक संस्कारों को प्रोत्साहित करने हेतु आज 31 मई, रविवार को प्रातः 7:30 बजे से श्री संत नामदेव मंदिर व सामुदायिक भवन परिसर (जवाहर चौक, 12 दफ्तर के पास, भोपाल) में विशेष साफ-सफाई एवं सेवा कार्य आयोजित किया जाएगा।
परिषद के पदाधिकारियों ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, श्रद्धा, संस्कार और आध्यात्मिक एकता का केंद्र है। मंदिर परिसर की स्वच्छता और सेवा करना हर समाजजन का नैतिक व धार्मिक दायित्व है। यह अभियान समाज में सेवा भावना, अनुशासन, धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का एक प्रेरणादायी प्रयास है।
नामदेव विकास परिषद के आजीवन सदस्य शिवरतन नामदेव सहित कार्यकारिणी ने भोपाल के समस्त समाज बंधुओं, मातृशक्ति और युवा साथियों से विनम्र आग्रह किया है कि वे अपनी स्वेच्छा, श्रद्धा और सेवा भाव के साथ इस पुनीत कार्य में उपस्थित हों। परिषद का मानना है कि— “सेवा ही संस्कार है, स्वच्छता ही श्रद्धा है।” आप सभी गरिमामयी उपस्थिति देकर समाज को संगठित एवं संस्कारित बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें।
