भोपाल। राजधानी के खजूरी थाना इलाके में एक शराब की दुकान के पास अवैध रूप से संचालित हो रहे अहाते को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सील कर दिया है। थाना प्रभारी नीरज वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाके की 11 मील स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास कुछ लोग टीन शेड का निर्माण कर अवैध रूप से शराबियों को शराब पिलाने का काम कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आबकारी अधिकारियों की अनुपस्थिति में वहां शराब पी रहे लोगों से वैध दस्तावेज मांगे, जो वे प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अहाते के संचालक भरत साहू एवं वीरेंद्र मिश्रा के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और आगामी आदेश तक अहाते को पूरी तरह सील कर दिया।
थाना प्रभारी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि इलाके में जो भी शराब की दुकान से अवैध रूप से शराब बेचने या पिलाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
