राजगढ़। जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को फिल्मी अंदाज में अपहरण और मारपीट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ सफेद बोलेरो कार में सवार होकर आए नकाबपोश बदमाशों ने एक बाइक सवार युवक का पीछा कर उसे बीच रास्ते में रोका, उसके मुंह पर काला कपड़ा डाला और जबरन उठाकर जंगल में ले गए। बदमाशों ने युवक को एक पेड़ से बांधकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा।
इस दौरान एक मुख्य आरोपी ने पीड़ित को जान से मारने और उसकी पत्नी को साथ रखने की गंभीर धमकी भी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित के ही मोबाइल से उसके बुआ के बेटे को फोन लगवाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद रविवार रात को मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है, वहीं सोमवार को इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। पीड़ित युवक ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी चाटूखेड़ा में हुई है और कुछ दिन पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी।
शनिवार को वह अपनी पत्नी को विदा कराने बाइक से ससुराल गया था, लेकिन ससुर ने पत्नी को साथ भेजने से मना कर दिया। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब वह हताश होकर वापस अपने घर लौट रहा था, तभी शेरपुरा और हिनोतिया गांव के बीच एक सफेद रंग की बोलेरो कार उसका पीछा करने लगी। बदमाशों ने सड़क के बीचों-बीच बोलेरो अड़ाकर युवक का रास्ता रोक लिया।
कार से उतरे नकाबपोश बदमाशों ने तुरंत उसके सिर पर काला कपड़ा डाला और उसे घसीटते हुए सड़क से करीब 300 मीटर अंदर जंगल में ले गए, जहाँ पेड़ से बांधकर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। पीड़ित के अनुसार, वह मारपीट करने वाले बदमाशों में से एक की पहचान करने में सफल रहा, जिसका नाम रवि भिलाला है, जबकि उसके साथ तीन अन्य अज्ञात लोग शामिल थे।
