भोपाल। राजधानी भोपाल से पटना और वाराणसी के लिए जल्द ही सीधी हवाई सेवा शुरू कराने के प्रयास किए जाएंगे। यह बात भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने राजाभोज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित यात्री सुविधा दिवस कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि भोपाल से देश के विभिन्न शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पटना और वाराणसी के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने एयरपोर्ट पर शुरू किए गए ‘+सहज काउंटर+’ का उद्घाटन किया।
इस काउंटर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं और पहली बार हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को डिपार्चर तक निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा जनसुविधा केंद्र और वाटर कूलर का शुभारंभ भी किया गया। सांसद ने कहा कि इन सुविधाओं से यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी। यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर एयरपोर्ट प्रबंधन, एयरलाइंस और विमानन सेवाओं से जुड़े उत्कृष्ट महिला एवं पुरुष कर्मचारियों तथा स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया।
सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। वर्ष 2014 में जहां देश में लगभग 74 हवाई अड्डे संचालित थे, वहीं आज उनकी संख्या 160 से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राजाभोज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। नए टर्मिनल, यात्री सुविधाओं का विस्तार, रनवे उन्नयन और 24 घंटे संचालन जैसी व्यवस्थाओं से राजधानी की हवाई कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है। कार्यक्रम में महापौर मालती राय, एयरपोर्ट प्रबंधन, एयरलाइंस प्रतिनिधि, विमानन क्षेत्र के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे।
