मंडीदीप। शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सड़क किनारे खड़े युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरियादी योगेश विश्वकर्मा (49), निवासी रायल पार्क सिटी, मंडीदीप ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। योगेश भोपाल स्थित एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे वे अपने मित्र नवमीत भट्ट के साथ कॉलोनी के गेट के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान एक सफेद रंग की क्रेटा कार तेज रफ्तार में वहां पहुंची। शिकायत के अनुसार कार चालक धर्मेन्द्र सिंह राजपूत कथित रूप से नशे की हालत में था। आरोप है कि उसने वहां पहुंचते ही दोनों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। स्थिति को भांपते हुए नवमीत ने योगेश को पीछे खींचकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान चालक ने तेज गति से वाहन बढ़ाते हुए नवमीत को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह दूर जाकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में नवमीत के सिर के पीछे और बाएं कान में गंभीर चोटें आईं, जिससे कान से खून बहने लगा। उसके हाथ, पैर और कमर में भी चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों में योगेश की पत्नी बबली विश्वकर्मा, पंकज ढोंगरे, चिंटू सिंह सहित आसपास के कई लोग शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल नवमीत को तत्काल आरोग्य अस्पताल, मंडीदीप में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और चालक के नशे में होने की आशंका सामने आई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
