भोपाल। राजधानी के स्टेशन बजरिया थाना क्षेत्र में एक बेहद अजीबोगरीब सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ अंधविश्वास या एहतियातन बिल्ली के रास्ता काटने पर एक युवक ने जैसे ही सड़क किनारे अपनी बुलेट रोकी, वैसे ही पीछे से आ रहे एक अन्य अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने उसकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बुलेट सवार युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।
पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विंध्याचल वैली करारिया फार्म निवासी 29 वर्षीय सुनील बाथम, जो पेशे से ड्राइवर हैं, रविवार की रात करीब 11:40 बजे अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट (एमपी 04 वाईयू 2208) से पेट्रोल भरवाने के लिए अशोका गार्डन की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे खजांची बाग स्थित नाले के पास पहुंचे, तभी अचानक उनके सामने से एक बिल्ली रास्ता काटते हुए निकल गई। बिल्ली के सामने आने पर सुनील ने अपनी मोटरसाइकिल को सड़क किनारे धीमा कर रोक दिया।
सुनील ने जैसे ही गाड़ी रोकी, ठीक उसी पल पीछे से बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने उनकी बुलेट में दाहिनी तरफ जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनील अपनी भारी-भरकम बुलेट सहित सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके दाहिने पैर के अंगूठे में गहरी चोट आई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपनी बाइक सहित मौके से तेजी से भाग निकला। हादसे के बाद घायल सुनील ने अपने दोस्त मनीष उर्फ भोला को मौके पर बुलाया और उसकी मदद से इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उनके पैर का एक्स-रे किया और प्राथमिक उपचार के बाद दवाइयां देकर डिस्चार्ज किया। उपचार कराने के बाद पीड़ित ने स्टेशन बजरिया थाने पहुंचकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
