21 C
London
Tuesday, June 23, 2026
Homeभोपालअयोध्या नगर पुलिस का बड़ा धमाका: स्पोर्ट्स बाइक से मोबाइल लूटने वाली...

अयोध्या नगर पुलिस का बड़ा धमाका: स्पोर्ट्स बाइक से मोबाइल लूटने वाली गैंग के 4 शातिर दबोचे

Published on

भोपाल। राजधानी की अयोध्या नगर थाना पुलिस ने स्पोर्ट्स और रेसिंग बाइकों से मोबाइल लूट एवं झपटमारी करने वाले एक बेहद शातिर और हाईटेक गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए इन आरोपियों के कब्जे से 22 कीमती मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल होने वाली और चोरी की 4 मोटरसाइकिलें तथा एक धारदार छुरी बरामद की है। जब्त किए गए इस पूरे मशरूके की कुल कीमत लगभग ११ लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कबूला है कि वे अपने महंगे शौक पूरे करने और जल्दी पैसा कमाने के लालच में इन वारदातों को अंजाम दिया करते थे। इस गैंग के निशाने पर मुख्य रूप से वे राहगीर होते थे, जो सड़क पर चलते समय हाथ में मोबाइल लेकर बात करने में मशगूल रहते थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साहिल खान (23), फैजान पठान (21), समीर अंसारी (25) और तालिब खान (28) के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने केटीएम ड्यूक (KTM Duke), पल्सर 200 एनएस (Pulsar 200 NS), यामाहा आर-15 (R15) और एक चोरी की होंडा शाइन बाइक जब्त की है। पुलिस तफ्तीश में इन शातिर लुटेरों के काम करने के अनोखे और योजनाबद्ध तरीके का भी खुलासा हुआ है। आरोपी हमेशा दो तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइकों पर सवार होकर निकलते थे।

इनमें से आगे चलने वाली बाइक पर सवार बदमाश पलक झपकते ही राहगीर के हाथ से मोबाइल छीन लेता था, जबकि पीछे चल रही दूसरी स्पोर्ट्स बाइक पर सवार उसके साथी ‘बैकअप टीम’ के रूप में मुस्तैद रहते थे। यदि कोई पीड़ित हिम्मत दिखाकर उनका विरोध करने की कोशिश करता, तो पीछे वाले बदमाश तुरंत धारदार छुरी दिखाकर उसे डरा देते और मोबाइल लूटकर रफूचक्कर हो जाते थे। इस हाईटेक गैंग का सुराग ११ जून को अयोध्या नगर क्षेत्र के नरेला जोड़ के पास हुई एक वारदात के बाद लगा, जहाँ केटीएम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को छुरी दिखाकर उसका मोबाइल लूटा था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर इलाके के तमाम सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) की मदद से इन चारों आरोपियों की घेराबंदी कर इन्हें दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में बदमाशों ने अयोध्या नगर, पिपलानी, गोविंदपुरा, हबीबगंज, बागसेवनिया और टीलाजमालपुरा थाना क्षेत्रों में मोबाइल लूट की करीब १२ बड़ी वारदातों को अंजाम देना कुबूल किया है। पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है, वहीं इस गिरोह के मुख्य फरार सरगना सबदर ईरानी और शाहरुख की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

Latest articles

आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय बालिका की मौत, प्रदेशभर में आंधी-बारिश का दौर

भोपाल। मप्र में सोमवार को प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज रहीं। प्रदेश के कई जिलों में...

भोपाल के हुजूर क्षेत्र में 5 अवैध कॉलोनियों पर चली जेसीबी, सड़कें और बाउंड्रीवॉल जमींदोज

भोपाल। राजधानी के हुजूर अनुभाग क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनियों...

More like this

आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय बालिका की मौत, प्रदेशभर में आंधी-बारिश का दौर

भोपाल। मप्र में सोमवार को प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज रहीं। प्रदेश के कई जिलों में...

भोपाल के हुजूर क्षेत्र में 5 अवैध कॉलोनियों पर चली जेसीबी, सड़कें और बाउंड्रीवॉल जमींदोज

भोपाल। राजधानी के हुजूर अनुभाग क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनियों...